Skip to main content

मुझे मनुष्य नहीं बनना

- डॉ. सय्यद मशकूर अली
चारों तरफ खून ही खून, चीख-पुकार, लाठी चार्ज, गोली बारी, आगजनी, लूटपाट, छुरेबाजी एवं दंगे-फसाद। लोग जख्मी लोगों को पैरों तले रौंदते हुए चले जा रहे थे, मदद के लिये चिल्ला रहे थे -''हमें सहारा दो, हमें बचा लो।'' पर किसी के पास किसी का हाल सुनने का समय नहीं। जिसे जहाँ जगह मिल रही थी, वहीं सिर छिपा रहा था।
सड़कों पर पड़ी लाशें कफन की फरियाद करतीं, नालियों में बहता खून पानी से भी शर्मिन्दा और मुहल्ले कर्फ्यू के कारण कब्रिस्तान से भी ज्यादा सुनसान। बच्चों के चेहरों पर भय और आँखों में निराशा। भूख से परेशान लोग पूछ रहे थे : ''ऐसा क्यों? कब तक यह जुल्म? कब तक मानवता पर यह अत्याचार? कब तक इंसान के खून से इतिहास के पन्ने भरे जायेंगे? कौन है, यह नरभक्षी? ऐसा क्यों करते हैं? कुछ समझ में नहीं आता।''
एक घंटे के लिये कर्फ्यू में ढ़ील। लोगों ने घरों से निकलकर पागलों की तरह भागना शुरू किया।
इसी भाग-दौड़ में एक कीड़ा अपनी पुश्तैनी नाली वाली जगह से निकला और मनुष्य के पाँव से बचते-बचाते मिट्टी में रेंगना शुरू किया। दूसरी ओर से आते मोटे कीडे ने उसे देखा पूछा : ''अरे भई, क्या हाल है?''
''देखते नहीं यह सब'', पहले कीडे ने जवाब दिया।
''पर, यह सब तो मानव समाज में है'', मोटे कीडे ने कहा । ''कीड़ा समाज में तो ऐसा कुछ भी नहीं ऐसा क्यों?'' उसने पूछा ।
''इसलिए कि शायद भगवान कीड़ा समाज में नेता बनाना भूल गया'', पतले कीडे ने जल्दी से जवाब दिया। ''अभी मुझे जाने दे, फिर मिलेंगे तब बात करेंगे।''
''पर ऐसी भी जल्दी क्या है?'' मोटे कीडे ने उसे रोकते हुए कहा।
''जल्दी! मुझे भय है कि कोई मनुष्य मुझे छू न दे और, न करे नारायण, मैं मनुष्य बन जाऊँ। मैं मनुष्य बनना नहीं चाहता,'' कहकर वह तुरन्त वहाँ से चल दिया ।
मोटे कीडे को भी मानव समाज की दुर्दशा पर रोना आ रहा था।
************

Comments

Popular posts from this blog

हिन्दी साक्षात्कार विधा : स्वरूप एवं संभावनाएँ

डॉ. हरेराम पाठक हिन्दी की आधुनिक गद्य विधाओं में ‘साक्षात्कार' विधा अभी भी शैशवावस्था में ही है। इसकी समकालीन गद्य विधाएँ-संस्मरण, रेखाचित्र, रिपोर्ताज, आत्मकथा, अपनी लेखन आदि साहित्येतिहास में पर्याप्त महत्त्व प्राप्त कर चुकी हैं, परन्तु इतिहास लेखकों द्वारा साक्षात्कार विधा को विशेष महत्त्व नहीं दिया जाना काफी आश्चर्यजनक है। आश्चर्यजनक इसलिए है कि साहित्य की अन्य विधाओं की अपेक्षा साक्षात्कार विधा ही एक ऐसी विधा है जिसके द्वारा किसी साहित्यकार के जीवन दर्शन एवं उसके दृष्टिकोण तथा उसकी अभिरुचियों की गहन एवं तथ्यमूलक जानकारी न्यूनातिन्यून समय में की जा सकती है। ऐसी सशक्त गद्य विधा का विकास उसकी गुणवत्ता के अनुपात में सही दर पर न हो सकना आश्चर्यजनक नहीं तो क्या है। परिवर्तन संसृति का नियम है। गद्य की अन्य विधाओं के विकसित होने का पर्याप्त अवसर मिला पर एक सीमा तक ही साक्षात्कार विधा के साथ ऐसा नहीं हुआ। आरंभ में उसे विकसित होने का अवसर नहीं मिला परंतु कालान्तर में उसके विकास की बहुआयामी संभावनाएँ दृष्टिगोचर होने लगीं। साहित्य की अन्य विधाएँ साहित्य के शिल्पगत दायरे में सिमट कर रह गयी...

सवाल उर्दू का -राही मासूम रज़ा

चित्र पर क्लिक करें और पढ़े ।

नफ़ीस आफ़रीदी, साभार इंटरनेट